मुरादनगर। पुलिस ने चेकिंग के दौरान चोरी की बाइक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कब्जे से गौर सिटी, थाना बिसरख, गौतमबुद्धनगर से चोरी की गई बाइक बरामद हुई हैं। बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी।
सहायक पुलिस आयुक्त सुनील कुमार भारद्वाज ने बताया कि पुलिस ने चेकिंग के दौरान चोरी की बाइक के साथ मलिकनगर निवासी रिहान और फैजान उर्फ दीवानी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए चोरों ने पूछताछ में बताया कि दोनों ने बाइक गौर सिटी से चोरी की थी। इसी बाइक का इस्तेमाल लूट और चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए करते थे। आरोपियों ने यह भी बताया कि वे पहले कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस के मुताबिक रिहान के खिलाफ मुरादनगर थाने में लूट के तीन, पुलिस मुठभेड़ और गैंगस्टर एक्ट समेत छह पुराने मुकदमे, बिसरख थाने में बाइक चोरी का एक मुकदमा दर्ज है। वहीं, फैजान के खिलाफ मुरादनगर थाने में लूट समेत दो और बिसरख थाने में बाइक चोरी का एक मुकदमा दर्ज है। पुलिस आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।