गाजियाबाद। सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद से जुड़े धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग के दो मामलों में शनिवार को सीबीआई/ईडी की विशेष अदालत में सुनवाई नहीं हो सकी। गवाह के उपस्थित नहीं होने से कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पाई। सीबीआई के लोक अभियोजक भी पेश नहीं हुए। अदालत ने दोनों मामलों में अगली सुनवाई के लिए 29 अगस्त की तारीख तय की है।
मामलों की सुनवाई पीठासीन अधिकारी भारत सिंह यादव की अदालत में चल रही है। मामला वर्ष 2007 का है, जब इमरान मसूद सहारनपुर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष थे। आरोप है कि उन्होंने सहयोगी जुल्फिकार अली के साथ मिलकर नगर पालिका के खाते से नियमों के विपरीत करीब 40 लाख रुपये निकाले थे।
इस संबंध में तत्कालीन अधिशासी अधिकारी यशवंत सिंह ने छह नवंबर 2007 को मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने विवेचना के बाद आरोप पत्र दाखिल किया था। तब से मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
शनिवार को गवाह के नहीं आने से गवाही नहीं हो सकी और अभियोजन पक्ष की अनुपस्थिति के कारण सुनवाई टल गई। अगली तारीख पर गवाह के पेश होने और अभियोजन पक्ष की मौजूदगी के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है।