साहिबाबाद। मोबाइल टावरों से उपकरण चोरी करने वाले दो आरोपियों को साहिबाबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने दो रेडियो रिसीवर यूनिट (आरआरयू) व चोरी की एक बाइक बरामद कर ली है। चोरों के पास से बरामद आरआरयू आरोपियों ने चार दिन पहले सीमापुरी क्षेत्र से चोरी की थी।
साहिबाबाद के प्रभारी एसीपी अमित सक्सेना ने बताया कि पुलिस चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों को थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर स्थित डीएवी स्कूल रोड से गिरफ्तार किया गया है। दोनों ने अपना नाम शहीदनगर निवासी शहबाज खान और आसिफ हुसैन उर्फ आशु बताए हैं। दोनों ने पूछताछ में बताया कि बरामद बाइक उन्होंने एक साल पहले दिल्ली की पार्किंग से चोरी की थी। चोरी की बाइक से ही दोनों दिल्ली एनसीआर में घूमकर मोबाइल टावरों की रेकी करते हैं और उनमें से उपकरण चोरी करते हैं। दोनों आरोपी चार दिन पहले सीमापुरी के टावर से चुराई गई आरआरयू को बेचने के लिए जा रहे थे, तभी पुलिस ने दोनों को धर दबोचा। दोनों पर पूर्व में भी चोरी के दो मामले दर्ज हैं।