एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि शिव कुमार पहचान होने के बाद केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। सीसीटीवी फुटेज व अन्य जानकारी के आधार पर उसी दिन नेहरुनगर फ्लाईओवर के नीचे दोनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी अमरोहा के गांव पोरारा की मढ़ैया निवासी देशपाल (20) और बिजनौर के गांव रायपुर खादर निवासी धर्मवीर (29) है। हत्या में प्रयुक्त बेल्ट और डंडा भी बरामद कर लिया है। पूछताछ के दौरान देशपाल ने बताया कि वह दोनों शिव कुमार के साथ मजदूरी करते थे। मजदूरी करने के बाद रात को नासिरपुर फाटक के पास ही जगह देखकर सो जाते थे।
मारपीट के बाद पूरी रात वहीं सोए
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि 13 अक्तूबर की रात करीब सात से आठ बजे के बीच शिव कुमार के साथ वह नासिरपुर फाटक से शनि मंदिर की तरफ जाने वाले मार्ग किनारे खोखे के पास बैठकर शराब पीते हुए जुआ खेलने लगे। जुए में शिव कुमार तीन सौ रुपये हार गया, जिस पर शिव कुमार ने उन्हें बहन की गाली दी। इसके बाद उन दोनों ने मिलकर अपनी पैंट की बेल्ट निकालकर शिव कुमार को बुरी तरह से पीटना शुरू कर दिया। धर्मवीर ने वहीं पास में पड़े डंडे से शिव कुमार को पीटा। जब शिव कुमार के शरीर ने हरकत करनी बंद कर दी तो दोनों उसी के पास रातभर सोए। सुबह जब आंख खुली तो शिव कुमार को देखा। शिव कुमार की गर्दन लटकी हुई है और वह मर चुका है। हत्यारोपियों ने बेल्ट और डंडे खोखे के पीछे फेंक दिया और वहां से भाग गए।