मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि फ्लैट से निकलती आग की लपटों और धुएं को देख स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। जिस फ्लैट में आग लगी थी उसमें दो दिन पहले ही बुलंदशहर निवासी ऑटो रिक्शा चालक जाकिर अपनी पत्नी परवीन उर्फ पिंकी और बेटी साइना परवीन को लेकर किराये पर रहने आये थे।
दमकल की टीम दरवाजा तोड़कर जब फ्लैट में पहुंची तब अंदर रखा फ्रिज आग की लपटों से घिरा हुआ था। खिड़की-दरवाजे खोलने पर घर के अंदर का धुआं कम हुआ। तब फर्श पर परवीन और उनकी बेटी साइना दोनों बेहोश मिले।
दोनों को तुरंत दिल्ली के जीटीबी अस्पताल पहुंचाया गया। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बच्ची की मौत हो चुकी है। वहीं सीएफओ ने बताया कि फ्रिज का कंप्रेशर फटने की वजह से आग लगी थी। बेहोश मां-बेटी को बाहर निकलने के बाद आग को बुझाकर कूलिंग का काम किया गया।