मोदीनगर। निवाड़ी पुलिस ने कस्बा पतला में रविवार शाम पंचायत के दौरान सभासद के पति और पुत्र पर चाकू से जानलेवा हमले के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
कस्बा पतला निवासी विमला देवी नगर पंचायत पतला की सभासद हैं। विमला देवी के पति राजवीर बैंक में कार्यरत हैं। कुत्ता घुमाने को लेकर हुए विवाद की पंचायत के दौरान रविवार को पड़ोसी तरुण उर्फ सोनू व वरुण उर्फ जग्गी, मनीष उर्फ गोलू व गौरव उर्फ पेप्सी ने सभासद पति राजवीर और उनके पुत्र अनुज पर चाकू से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। गंभीर रूप से घायल पिता-पुत्र को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि अनुज की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में दबिशें दे रही थी। पुलिस टीम ने मंगलवार को तरुण उर्फ सोनू व वरुण उर्फ जग्गी को पतला रजवाहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीमें फरार आरोपी मनीष और गौरव की तलाश में लगी हुई है।