फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: सात महीने में 24 प्रसूताओं की मौत, रजापुर क्षेत्र में सबसे अधिक

विज्ञापन
विज्ञापन
गाजियाबाद। जिले में मातृ स्वास्थ्य सेवाओं की चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। गर्भावस्था और प्रसव के दौरान स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं, गंभीर बीमारियों व समय पर उपचार नहीं मिलने के कारण इस वित्तीय वर्ष के सात महीनों में 24 महिलाओं की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में पेश की गई रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है। यह आंकड़ा मातृ स्वास्थ्य सेवाओं और हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
विज्ञापन

स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल से अक्तूबर के बीच हुई 24 मातृ मृत्यु के मामलों की जांच में सामने आया कि 10 महिलाओं की मौत हैमरेज यानी अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हुई। तीन महिलाओं की जान गंभीर संक्रमण (सेप्सिस) और तीन की मौत हाइपरटेंशन के कारण हुई। इसके अलावा आठ महिलाओं की मौत एनीमिया, हृदयाघात, टीबी और मस्तिष्क ट्यूमर जैसी बीमारियों के कारण हुई।

रजापुर क्षेत्र में सबसे अधिक मौतें
रिपोर्ट के मुताबिक, रजापुर क्षेत्र में आठ महिलाओं की प्रसव के दौरान मौत हुई। इस क्षेत्र में सीएचसी डासना और बम्हैटा के अलावा 20 से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित हैं। इसके बावजूद यहां मातृ मृत्यु के सबसे अधिक मामले सामने आए हैं। लोनी और भोजपुर में पांच-पांच, मुरादनगर में दो और शहरी क्षेत्र में चार महिलाओं की मौत दर्ज की गई है। सरकारी अस्पतालों के साथ निजी अस्पतालों में भी प्रसव के दौरान महिलाओं की जान गई है।
विज्ञापन


तीन हजार से अधिक महिलाएं हाई रिस्क श्रेणी में
जिले में तीन हजार से अधिक गर्भवतियों को हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की श्रेणी में चिह्नित किया गया है। शासन के निर्देश पर सीएमओ स्तर से पिछले तीन महीने में इन महिलाओं की निगरानी और नियमित फॉलोअप को लेकर तीन बार सख्त निर्देश जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद मातृ मृत्यु के मामले सामने आना निगरानी व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर रहा है।

समय पर इलाज से बच सकती है जान
पूर्व अपर निदेशक स्वास्थ्य व वरिष्ठ महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रद्धा यादव का कहना है कि प्रसव के दौरान और गर्भावस्था में महिलाओं की मौत के कई कारण हो सकते हैं। इनमें सबसे प्रमुख अत्यधिक रक्तस्राव, हाई ब्लड प्रेशर, गंभीर संक्रमण और खून की कमी हैं। कई बार गर्भवतियों में पहले से हृदय रोग, टीबी या अन्य गंभीर बीमारियां होती हैं, जिनकी समय पर पहचान नहीं हो पाती। उन्होंने बताया कि गर्भावस्था के दौरान नियमित जांच नहीं कराने और हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की सही निगरानी नहीं होने से भी खतरा बढ़ जाता है। गर्भवतियों को समय-समय पर हीमोग्लोबिन, रक्तचाप और अन्य जरूरी जांच करानी चाहिएं। हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी जरूरी है। प्रसव के दौरान जटिलता की आशंका होने पर उन्हें तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र पर रेफर करना चाहिए। समय पर इलाज और सुरक्षित प्रसव से मातृ मृत्यु के मामलों को काफी हद तक रोका जा सकता है।

सभी स्वास्थ्य केंद्रों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं कि किसी भी हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली गर्भवती की देखभाल और इलाज में लापरवाही न की जाए। सभी को निर्देश दिया गया है कि मातृ मृत्युदर में कमी लाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाए।
विज्ञापन

-डॉ. सचिन चंद्र वैश्य, सीएमओ
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें