प्रदेश सरकार ने सूबे में बिजली आपूर्ति सुधार के निर्देश दिए तो अफसरों ने भी कवायद शुरू कर दी। बृहस्पतिवार को पश्मिांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी अभिषेक प्रकाश गाजियाबाद पहुंचे और अफसरों संग बैठक की।
उन्होंने क्षेत्र में निरीक्षण भी किया। देर शाम प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि खराब ट्रांसफार्मर अब 24 घंटे में बदला जाएगा। गर्मी के सीजन में अब मेंटेनेंस का काम के लिए भी सुबह-शाम अधिकतम एक-एक घंटे का शटडाउन लिया जा सकेगा।
एमडी अभिषेक प्रकाश ने बताया कि खराब ट्रांसफार्मर को बदलने में देरी नहीं की जाएगी। किसी भी सूरत में 24 घंटे में ट्रांसफार्मर को बदलकर विद्युत आपूर्ति बहाल की जाएगी। उन्होंने बताया कि बकाएदारों के लिए पावर कारपोरेशन 15 अप्रैल से ओटीएस (वन टाइम सेटलमेंट) स्कीम लागू करेगा।
इसमें बकाया जमा करने वालों को सरचार्ज में छूट दी जाएगी। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू उपभोक्ताओं के लिए यह योजना 60 दिन, शहरी घरेलू कनेक्शनों के लिए 50 दिन और व्यावसायिक कनेक्शनों के लिए 45 दिन के लिए रहेगी।
घरेलू कनेक्शन पर सरचार्ज में 100 फीसदी और व्यावसायिक में 50 फीसदी की छूट दी जाएगी। इस दौरान सीडीओ कृष्णा करुणेश, चीफ इंजीनियर एसके गुप्ता, अधीक्षण अभियंता एमसी शर्मा, एसबी यादव मौजूद रहे।