एडीसीपी सच्चिदानंद ने बताया कि मूल रूप से खुर्जा निवासी विपिन कुमार गाजियाबाद ट्रैफिक विभाग में सिपाही थे। शुक्रवार की शाम विपिन कुमार आईपीईएम कॉलेज के सामने ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी दौरान एक अर्टिगा कार के चालक ने लापरवाही और तेजी से विपिन को टक्कर मारकर कुचल दिया। टक्कर मारने के बाद चालक तेजी से कार लेकर भाग गया।
गंभीर रूप घायल विपिन को मणिपाल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनकी मौत हो गई है। घायल विपिन कुमार का भाई अक्षय कुमार यातायात पुलिस में है। अक्षय कुमार की शिकायत पर विजयनगर थाना पुलिस ने अर्टिगा कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
उधर, एसीपी नगर कोतवाली रितेश त्रिपाठी ने बताया कि सीसीटीवी खंगालकर कार चालक और उसके साथी की पहचान कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया कि कार सदरपुर निवासी विनीत चला रहा था और उस कार में उसका दोस्त सुमित भी सवार था। दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।