साहिबाबाद। हिंडन ब्रिज पर गार्डर चोरी होने के बाद से अब भारी वाहनों का आवागमन बढ़ गया है और इससे हर रोज सुबह-शाम लोग जाम में फंसते हैं। कई लोगों ने इसकी शिकायत यातायात पुलिस और सिंचाई विभाग से की है, लेकिन अभी तक जाम से निजात नहीं मिल पाई है। सोमवार सुबह से दोपहर एक बजे तक जाम रहा तो वहीं, शाम को भी वाहन चालक परेशान हुए।
दरअसल, हिंडन पर बने लोहे के पुल पर भारी वाहनों प्रतिबंधित है और इनकाे रोकने के लिए गार्डर और लोहे के जाल लगाए गए थे, लेकिन जाल टूटने और गार्डर गायब होने के बाद से भारी वाहनों का आवागम तेजी से बढ़ गया है। इन वाहनों के यहां से गुजरने से जाम की स्थिति बन जाती है। नौकरी-पेशा लोगों को सुबह-शाम यहां पर जाम में फंसना पड़ता है। सिद्धार्थ विहार निवासी एनके नेगी का कहना है कि यातायात पुलिस और सिंचाई विभाग के अधिकारियों से भारी वाहनों के आवागमन के कारण जमा की शिकायत की गई, लेकिन अधिकारियों ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। उनका आरोप है कि विभागाध्यों की लापरवाही के कारण आम लोग सुबह और शाम कई-कई घंटे तक जाम में फंसते हैं। कई जगह तो जाम की वजह लोहे की लटकी हुई रेलिंग बन रही है। ब्रिज पर बढ़ती भीड़ और टीएचए की सिद्धार्थ विहार और नोएडा से कनेक्टिविटी के लिए यह पुल काफी अहमियत रखता है। सोमवार सुबह लोग करीब तीन से चार घंटे तक जाम फंसे रहे तो शाम को भी उनको काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
क्या बोले अधिकारी
लोहे के जाल ही बड़े वाहनों को रोकने के लिए लगवाए जाते हैं, जाल हटने पर सिंचाई विभाग को इस पर ध्यान देना चाहिए। जब तक जाल नहीं लग जाता सुबह-शाम ट्रैफिक पुलिसकर्मी की ड्यूटी लगाई जाएगी। त्रिगुण बिसेन, डीसीपी ट्रैफिक