मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भोजपुर टोल प्लाजा के समीप सोमवार की सुबह करीब आठ बजे टूरिस्ट बस से नीचे उतरकर टायर चेक कर रहे चालक नितिन बालियान और परिचालक अनुराग त्यागी को पीछे से आ रही बेकाबू कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में नितिन बालियान की मौत हो गई और अनुराग त्यागी गंभीर रूप से घायल हो गए। अनुराग को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। हादसे के बाद आरोपी चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मुजफ्फरनगर के भोरा कलां स्थित जैतपुर गांव के रहने वाले 31 वर्षीय नितिन बालियान टूरिस्ट बस चालक थे। बस पर दिल्ली के मंडोला निवासी अनुराग त्यागी परिचालक हैं। भोजपुर पुलिस के अनुसार नितिन बालियान और अनुराग त्यागी टूरिस्ट बस से यात्री लेकर सोमवार सुबह दिल्ली से हरिद्वार जा रहे थे। जैसे ही वह दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भोजपुर टोल प्लाजा से सौ मीटर आगे बढ़े तो टायरों से कुछ आवाज आई। बस साइड में खड़ी कर नितिन और अनुराग टायर चेक करने लगे। तभी पीछे से आई एक तेज रफ्तार बेकाबू कार ने नितिन बालियान और अनुराग त्यागी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों कई फीट उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर चीख पुकार मच गई। बस सवार यात्रियों ने पुलिस कंट्रोलरूम को घटना की सूचना दी। घायल नितिन और अनुराग को उपचार के लिए मोदीनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने नितिन बालियान को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बस और कार को थाने पहुंचाया। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि कार को कब्जे में ले लिया गया है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर प्राप्त होने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।