गाजियाबाद। हिंडन सिविल टर्मिनल के विस्तार के लिए भूमि चिह्नित करने का कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान जानकारी मिली है कि प्रस्तावित भूमि के बीच में चार आवासीय मकान और दो प्लॉट आ रहे हैं। ऐसे में अधिग्रहण प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए प्रशासन को इन्हें वहां से हटाना होगा। जानकारी के अनुसार इनके स्थानांतरण की जिम्मेदारी एसडीएम सदर को सौंपी गई है। एयरपोर्ट विस्तार को लेकर हुई बैठक में एडीएम (भू-अर्जन) ने सभी संबंधित अधिकारियों को इसी सप्ताह आवश्यक कार्य पूरे कर अधिग्रहण संबंधी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
एडीएम (भू-अर्जन) अवनीश सिंह ने बताया कि इस मामले में 25 जून को बैठक आयोजित की जाएगी। इससे पहले संबंधित भूमि की पूरी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट के विस्तार के लिए करीब 2.72 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाना है।
एयरपोर्ट निदेशक से नोडल अधिकारी मांगा गया
आने वाले सप्ताह में एयरपोर्ट के लिए भूमि का चिह्नीकरण कर रिपोर्ट भेजी जानी है। इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों को भूमि की सीमाओं पर निशान लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आगे की प्रक्रिया में कोई दिक्कत न हो। इसके साथ ही एयरपोर्ट निदेशक से इस कार्य के लिए एक नोडल अधिकारी नामित करने का अनुरोध किया गया है, जो प्रशासन की सहायता करेंगे।
एक सप्ताह के भीतर सहमति पत्र मांगे गए
एयरपोर्ट विस्तार के लिए जिन किसानों की भूमि अधिग्रहित की जानी है, उनमें से अधिकांश अपनी सहमति दे चुके हैं। विस्तार को लेकर हुई बैठक में एक सप्ताह के भीतर सभी किसानों से हस्ताक्षरित सहमति पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। यह जानकारी 27 जून तक मांगी गई है।