गाजियाबाद। तिगरी गोल चक्कर स्थित विशाल इंटरनेशनल स्कूल के मैदान पर चल रहे इन्दर कप मेमोरियल अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को टाइगर क्रिकेट अकादमी और वंडर्स क्रिकेट क्लब के बीच मैच खेला गया। इसमें 211 रन से टाइगर क्रिकेट अकादमी ने जीत दर्ज की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए टाइगर क्रिकेट अकादमी ने निर्धारित 40 ओवर में पांच विकेट पर 360 रन बनाए। बल्लेबाज पीयूष ने शानदार दोहरा शतक लगाते हुए 226 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में अग्रिम यादव ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए वंडर्स क्रिकेट क्लब 29.2 ओवर में 149 रन पर ढेर हो गई। बल्लेबाज वेदांत ने सर्वाधिक 29 रन बनाए। गेंदबाजी में सुधांशु ने तीन विकेट लिए। शानदार बल्लेबाजी के लिए पीयूष को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।