भाई बहन के प्रेम का प्रतीक रक्षा बंधन का त्योहार बृहस्पतिवार को धूमधाम से मनाया गया। सुबह ही शुभ मुहूर्त में बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षा का सूत्र बांधा और तिलक लगाकर भाई की दीर्घायु की कामना की।
रक्षाबंधन के त्योहार पर राखी बांधने का शुभ मुहूर्त दिन भर रहा। दोपहर डेढ़ बजे से तीन बजे तक राहु काल के चलते कुछ देर के लिए राखी बांधने पर ब्रेक लगा। उधर अपने भाइयों को राखी बांधने के साथ ही गाजियाबाद के धर्म आस्था परिवार की महिलाएं भारतीय सैनिकों को राखी बांधने के लिए बाघा बॉर्डर पहुंचीं।
सरोज शर्मा के नेतृत्व में अमृतसर बाघा बॉर्डर पर तैनात फौजी भाइयों को महिलाओं ने राखी बांधी और उनकी लंबी आयु की कामना की। सैनिकों के लिए यह राखी महिलाओं ने खुद ही तैयार की थीं। राखी बांधने वालों में पल्लवी महाजन, संतोष शर्मा और संगीता भी थीं।
दूसरी ओर परमार्थ समिति के सदस्यों द्वारा एनडीआरएफ के जवानों को रेशम का धागा बांधकर अपने अंदाज में ही इस त्योहार को मनाया। एनडीआरएफ के कमांडेंट पीके श्रीवास्तव की मौजूदगी में लगभग 100 जवानों को समिति सदस्याओं द्वारा राखी बांधी गई। इस मौके पर समिति के चेयरमैन वीके अग्रवाल, बीके शर्मा, कावेरी शर्मा, अदिति शर्मा, आकृति शर्मा, शिवानी धामा, यशु धामा, मुकेश मनचंदा, दिनेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
ऐसे ही उत्थान समिति के सदस्यों ने बीएसएफ हेड क्वार्टर सीजीओ कांप्लेक्स दिल्ली में जाकर बीएसएफ के एडीजी रजनीकांत मिश्रा को कश्मीर में तैनात बीएसएफ के जवानों के लिए बच्चों द्वारा बनाए गए राखियां एवं संदेशों दिया गया। इसके साथ ही मौके पर मौजूद बीएसएफ जवानों को बच्चों द्वारा राखी बांधी गई। इस मौके पर समिति के चेयरमैन सत्येंद्र सिंह, बबीता सिंह, रीना सिंह आदि मौजूद रहे।