गाजियाबाद। जिले की स्वॉट टीम ने कुख्यात उमेश पंडित और रणदीप भाटी गिरोह से जुड़े तीन पिस्टल तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पाकिस्तान, जर्मनी और इटली के फर्जी मार्का लगी सात अवैध पिस्टल बरामद हुई हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी प्रॉपर्टी डीलिंग की आड़ में मेरठ से हथियार खरीदकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में सप्लाई करते थे। यह काम तिहाड़ जेल में बंद उमेश पंडित के इशारे पर किया जाता था। गिरोह अब तक 20 से अधिक पिस्टल बेच चुका है। आरोपियों के दो साथी अभी फरार हैं।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) राजकरन नय्यर ने बताया कि राजीव गार्डन इंद्रापुरी, लोनी बॉर्डर निवासी अरुण कुमार (46), सुधीर एन्क्लेव, राम पार्क, ट्रोनिका सिटी निवासी रंजीत राय (39) और ब्राह्मण मोहल्ला, सभापुर, सोनिया विहार (दिल्ली) निवासी अभिषेक शर्मा उर्फ मोटू (29) को गिरफ्तार किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोनी के अंकुर विहार में प्रॉपर्टी डीलिंग करते हैं। कुछ समय पहले रंजीत राय के माध्यम से उनका संपर्क तिहाड़ जेल में बंद कुख्यात उमेश पंडित से हुआ था। उमेश ने उन्हें शामली निवासी रितिक से मिलवाया, जिससे वे 30 से 35 हजार रुपये में पिस्टल खरीदते थे। बाद में इन्हें उमेश पंडित के गुर्गों को 50 से 55 हजार रुपये प्रति पिस्टल के हिसाब से बेच दिया जाता था।
पुलिस के अनुसार, शामली जिले के थाना भवन क्षेत्र निवासी रितिक और खड़खड़ी निवासी सुनील पहलवान की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं। दोनों की गिरफ्तारी के बाद गिरोह के नेटवर्क से जुड़े और खुलासे होने की संभावना है।
50 हजार का इनामी है उमेश पंडित
राम पार्क एक्सटेंशन (लोनी) निवासी 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश उमेश पंडित पश्चिमी उत्तर प्रदेश की गैंगवारों में लंबे समय से सक्रिय रहा है। उस पर कई हत्याओं समेत गंभीर अपराध करने के आरोप हैं। उसके पिता केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में हवलदार थे। दो भाइयों में बड़ा उमेश बीए ऑनर्स तक पढ़ा है। वर्ष 2005 में छात्र राजनीति के दौरान उसने लोनी के एक कॉलेज में छात्र मनोज की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके लिए उसे डासना जेल भेजा गया, जहां उसकी मुलाकात नरेश भाटी गिरोह के नरेंद्र प्रधान व अनिल दुजाना से हुई। इसके बाद वह गिरोह में शामिल हो गया। इस हत्या के मामले में निचली अदालत ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। वर्तमान में वह तिहाड़ जेल में बंद है।