गाजियाबाद/साहिबाबाद। माह-ए-रमजान के बाद सोमवार को ईद धूमधाम से मनाई गई। ईदगाह और मस्जिदों में ईद उल फितर की नमाज अदा की गई। खुदा के सजदे के लिए हजारों सिर झुके तो वतन में अमन और तरक्की की दुआ के लिए हजारों हाथ उठे।
गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। मेयर अशु वर्मा, पूर्व विधायक सुरेश बंसल, नगरायुक्त सीपी सिंह समेत तमाम राजनीतिक दलों के नेताओं ने रोजेदारों को ईद की मुबारकबाद दी। ईद की नमाज के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
इस्लाम नगर स्थित ईदगाह पर शहर इमाम कारी फारूख ने सुबह नौ बजे करीब 50 हजार और पसौंडा ईदगाह में ईमाम मोहम्मद अशजद ने करीब डेढ़ लाख रोजेदारों को नमाज अता कराई। नमाज से पहले तकरीर में देश में अमन-चैन और तरक्की की दुआ मांगी गई।
इमामों ने इंसानियत की भलाई और मुल्क की तरक्की की अपील की। मुल्क विरोधी ताकतों के खिलाफ एकजुट होने और समाज से बुराई खत्म करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नफरत भुलाकर एक-दूसरे के घर जाकर ईद की मुबारकबाद दें, ताकि नफरत को दिलों से खत्म किया जा सके।
इसके साथ ही दिल्ली गेट बड़ी मस्जिद, जामिया मदरसा चमन कालोनी, माता कालोनी विजयनगर, मरकज मस्जिद कैलाभट्टा, जामा मस्जिद सेक्टर-23, मदनी मस्जिद चमन कालोनी, इंदिरापुरम, महाराजपुर, अर्थला, कौशांबी मस्जिद में भी बड़ी संख्या में लोगों ने ईद की नमाज अदा की गई। सुरक्षा के मद्देनजर यहां बड़ी संख्या में पुलिस तैनात रही। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई।
युवाओं के एक गुट ने काली पट्टी बांधकर अता की नमाज
ईदगाह में ही युवाओं के एक गुट ने काली पट्टी बाजू पर बांधकर नमाज अता की। उन्होंने अल्पसंख्यक समाज के लोगों पर कथित हमलों का शांतिपूर्ण विरोध किया। काली पट्टी बांधकर नमाज अता करने वाले आसिफ मलिक ने बताया कि पहले बिसाहड़ा में, फिर गोवंश को ले जा रहे लोगों पर और अब ट्रेन में बल्लभगढ़ के रहने वाले चार सगे भाइयों पर हमला किया गया। इनमें से एक भाई की मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक हमले रुकने चाहिए। शालीमार गार्डन में भी युवाओं ने काली पट्टी बांधकर ईद का त्योहार मनाया। रेजिडेंट्स आमिर मलिक ने बताया कि युवाओं ने काली पट्टी बांधकर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जताया। हालांकि युवाओं के इस प्रकार के विरोध से मुस्लिम समाज के बड़े बुजुर्ग दूर रहे। शांतिपूर्ण विरोध में यूसुफ, आमिर मालिक, साहे आलम, वसीम, दाऊद, अफसर, शाहनवाज, सलमान, साजिद, रसीद, दिलशाद व अन्य लोग मौजूद रहे।
महिलाएं सुबह से ही तैयारियोें में जुटी नहीं
ईद की तैयारियों में महिलाएं सुबह से ही जुटी रहीं। शीर, सेवइयां, दही भल्ले सहित विभिन्न पकवानों को बनाने के लिए एक दिन पहले से ही तैयारियां चल रही थीं। कविनगर निवासी लाईबा ने बताया कि दोपहर तक शीर, सेवइयां, पूड़ी, छोले, हलवा आदि बना लिए थे।
वहीं मोहन नगर निवासी नुसरा महबूब ने बताया कि खजूर बादाम का हलवा तैयार किया। उधर, महिला प्रशिक्षण संस्थान अध्यक्ष शैली सेठी ने ईद पर झुग्गी- झोपड़ी में मजदूरों और गरीब बच्चों को कपड़े और सेवईयां बांटी।
ईद की नमाज के दौरान डायवर्ट रहा रूट
ईद की नमाज अदा करने के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्ट किया, जिससे कई जगहों पर जाम की स्थिति बन गई। सिहानी चुंगी, लालकुआं, भाटिया मोड़ और हापुड़ तिराहे पर वाहनों का दबाव बढ़ गया।
एनएच-58 और भटिया मोड़ पर नमाज के दौरान एकल मार्ग से ही वाहनों को निकाला गया। टीआई रमेश तिवारी ने बताया कि नमाज अदा करने के दौरान डीपीएस से सिहानी चुंगी पुलिस चौकी तक वाहनों के आवागमन के लिए एकल मार्ग रहा।
भाटिया मोड़ पर 500 मीटर तक लालकुआं से मोहननगर जाने वाले वाहनों को एकल मार्ग से गुजारा गया। लालकुआं से आने वाले वाहनों को विवेकानंद फ्लाईओवर के रास्ते निकाला गया। मेरठ तिराहे से घंटाघर की ओर जाने वाले वाहनों को हापुड़ तिराहे से डायवर्ट कर कालका गढ़ी, होली चाइल्ड चौराहे से भेजा गया।
ईद पर माल मल्टीप्लेक्स रहे फुल
ईद की रौनक सोमवार को शहर भर में दिखाई दी। मॉल मल्टीप्लेक्स सुबह से गुलजार रहे। सलमान खान की फिल्म ट्यूबलाइट देखने के सुबह से ही युवाओं की भीड़ दिखाई दी। फिल्म के लिए एक एडवांस बुकिंग थी जिसमें 80 फीसदी ऑनलाइन बुकिंग थी।