एक जनवरी से स्मार्ट सिटी के लिए 20 शहरों के चयन की प्रक्रिया फिर शुरू होगी। स्मार्ट सिटी के चयन के तीसरे चरण में गाजियाबाद को सफल बनाने के लिए नगर निगम को फिर से तैयारी करनी पड़ेगी। इसके लिए फिर से स्मार्ट सिटी प्रपोजल (एससीपी) तैयार किया जाएगा। प्रपोजल बनाने के लिए शासन से जल्द ही गाजियाबाद की कंसलटेंट फर्म का नाम तय हो जाएगा।
गाजियाबाद के अलावा यूपी के कई अन्य शहर भी इस चरण की प्रतिस्पर्धा में शामिल होंगे।स्मार्ट सिटी चयन के लिए तीसरा चरण एक जनवरी से शुरू होकर 31 मार्च तक चलेगा। यानी 31 मार्च से पहले नगर निगम को स्मार्ट सिटी प्रपोजल बनाकर केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय में जमा कराना होगा।
इससे पहले नगर निगम दो बार स्मार्ट सिटी की सूची में जगह पाने का प्रयास कर चुका है, लेकिन दोनों की बार सफलता हाथ नहीं लगी। दूसरे प्रयास में निगम अधिकारियों और कंसलटेंट फर्म ने पहले से बेहतर एससीपी (स्मार्ट सिटी प्रपोजल) बनाया था। निगम ने कई सरकारी विभागों और 18 प्राइवेट फर्मों से एमओयू भी साइन किया था।
दूसरे चरण में भी गाजियाबाद का नाम 63 शहरों में 50.86 फीसदी अंक हासिल कर 53वें स्थान पर रहा। जबकि झांसी 28वें और अलीगढ़ जैसा छोटा शहर 33वें स्थान पर रहा था। ऐसे में नगर निगम को इस बार और बेहतर प्रपोजल तैयार करना होगा।तीसरा चरण एक जनवरी से 31 मार्च तक चलेगा। कंसलटेंट फर्म का नाम जल्द ही तय होने की उम्मीद है।
स्मार्ट सिटी प्रपोजल तैयार कर केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। इस बार स्मार्ट सिटी में नाम शामिल कराने के लिए भरसक प्रयास किया जाएगा। - संजय सिंह चौहान, सहायक नोडल अधिकारी, स्मार्ट सिटी मिशन
..
यूपी से यह शहर भी देंगे ‘परीक्षा’
झांसी, अलीगढ़, इलाहाबाद, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, सहारनपुर, मेरठ