साहिबाबाद। थानाक्षेत्र के न्यू हिंडन विहार स्थित नीलमणि कॉलोनी निवासी इकराम के घर में घुसे चोरों ने घर में रखी 2.66 लाख रुपये की नकदी और गहने पर हाथ साफ कर लिया। इकराम ने यह नकदी और जेवरात अपनी दोनों बेटियों की शादी के लिए रखे थे। वारदात 11 अगस्त की रात से 14 अगस्त की सुबह के बीच हुई। पुलिस ने दो सितंबर की रात मुकदमा दर्ज किया।
दर्ज मुकदमे में इकराम ने बताया कि 11 अगस्त को उनके ससुर की मृत्यु हो गई थी। इसलिए वह परिवार के साथ ससुराल गए थे। 14 अगस्त की सुबह पड़ोसियों ने उन्हें फोन करके घर का दरवाजा खुला होने की सूचना दी। जब वह घर लौटे तब घर का मुख्य गेट खुला मिला। अंदर वाले दरवाजे के ताले टूटे थे और सामान भी फैला था। जब जांच की तब पता चला कि अलमारी में उनकी पत्नी ने बेटियों की शादी के लिए 2.16 लाख रुपये जोड़कर रखे थे। इसके अलावा दोनों बेटियों के लिए बनवाकर रखे गहने भी गायब थे। वहीं 66 हजार रुपये की नकदी दूसरी अलमारी में रखी थी चोर उसे भी ले जा चुके थे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी और थाने पर शिकायत भी दी लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने में 19 दिन लगा दिए। एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने में किस स्तर से देरी हुई है, इसकी जांच की जा रही है। सर्विलांस टीम आरोपियों की तलाश के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।