इंदिरापुरम। नीतिखंड तीन निवासी अनुराधा को जिस कुत्ते ने काटा उसके मालिक जितेंद्र वर्मा के खिलाफ पुलिस ने दो सितंबर की रात मुकदमा दर्ज कर लिया। मामला 23 अगस्त का है जब अनुराधा दूध लेने के लिए दुकान पर गई थीं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं युवती का इलाज चल रहा है।
दर्ज मुकदमे में अनुराधा ने बताया कि 23 अगस्त की सुबह करीब 9ः45 बजे वह क्षेत्र में ही स्थित एक्सप्रेस मार्केट में संचालित हर्षा फूड विलेज दुकान पर दूध लेने गई थीं। वहां एक कुत्ता घूम रहा था। बताया कि अचानक कुत्ते ने उन पर हमला कर उन्हें काट लिया। किसी तरह मौके पर मौजूद लोगों ने कुत्ते को हटाकर उन्हें छुड़वाया। युवती ने दुकानदार पर आवारा कुत्ते को पालने का आरोप लगाया था। उनका कहना यह भी है कि जब उन्होंने अपने स्तर से जांच कराई तब पता चला कि कुत्ते को न तो रैबीज का टीका लगा था और न ही उसका नगर निगम में पंजीकरण था। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि दुकानदार जितेंद्र वर्मा के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के दिन की सीसीटीवी कैमरा फुटेज की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।