लोनी। मामूली विवाद के बाद अशोक विहार कॉलोनी में रहने वाली महिला से कुछ लोगों ने मारपीट की। मामले में महिला ने चार पड़ोसियों के खिलाफ तहरीर दी है। अशोक विहार कॉलोनी में रहने वाली गुलिस्ता ने बताया कि उनकी पुत्रवधू काजल घर के बाहर सफाई कर रही थी।
इस दौरान पड़ोस में रहने वाले हसीनू के दो पुत्रों शहरुख और सुहैल काजल से गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने अपने दो रिश्तेदार गुड्डू और नानू को भी बुला लिया। आरोप है कि चारों ने मिलकर उनकी पुत्रवधू के साथ लाठी डंडे से मारपीट की। इससे उसके सिर में काफी चोट आई। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पीड़िता की सास की शिकायत पर चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच व तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।