लोनी। शनिवार रात करीब 11:30 बजे कोतवाली क्षेत्र के मुस्तफाबाद कॉलोनी स्थित रेडिमेड कपड़े की दुकान में अचानक आग लग गई। आग लगने की जानकारी पड़ोसियों ने कारोबारी और अग्निशमन विभाग को दी। कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। हादसे में लाखों रुपये का सामान जल गया है।
कपड़ा व्यापारी साबिल अली ने बताया कि उनके भाई जावेद की रेडिमेड कपड़े की दुकान है। शनिवार शाम वह दुकान बंद करके घर चले गए थे। रात करीब 12 बजे आसपास के लोगों ने उन्हें कॉल कर कहा कि दुकान में आग लग गई है।
सूचना के बाद वह दुकान पर पहुंचे। मौके पर पुलिस कर्मियों ने लोगों की सहायता से पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। करीब बीस मिनट बाद पहुंचे दमकल कर्मियों ने दो गाड़ियों से पानी डालकर आग पर काबू पाया। दमकल उपनिरीक्षक वैशाली उज्ज्वल मलिक ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। दुकान मालिक ने आग से भारी नुकसान होने की बात कही है। दुकान तीन मंजिला मकान के भूतल पर संचालित की जा रही थी। दुकान में कपड़ो के थान भरे हुए थे।