गाजियाबाद। विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रशासन तरह-तरह के उपाय कर रहा है। इसी कड़ी में अब गाजियाबाद की चार अलग-अलग दिशाओं से मतदाता जागरुकता झांकियां निकालने की तैयारी की जा रही है। हर झांकी के साथ 20 एथलीट बाइक से साथ-साथ चलेंगे।
पांच फरवरी को निकलने वाली यह झांकियां मोदीनगर के कादराबाद, भोपुरा, यूपी गेट और डासना-मसूरी से एक साथ निकलेंगी और राजनगर स्थित रामलीला मैदान में पहुंचेंगी। जहां करीब दस हजार स्कूली बच्चे और रॉक बैंड इन झांकियों का स्वागत करेंगे।
मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम निधि केसरवानी ने इस संबंध में बीएसए, डीआईओएस, जीडीए, स्पोर्ट्स अधिकारियों और सिविल डिफेंस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी निर्देश दिए।
सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन ललित जायसवाल ने बताया कि झांकियों के लिए फंडिंग की जिम्मेदारी जीडीए को सौंपी गई है। बुलंदशहर स्थित नटराज कला के कलाकारों द्वारा यह झांकियां तैयार की जाएंगी। झांकियों के माध्यम से गाजियाबाद की पांचों विधानसभाओं के मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक किया जाएगा।
सरकारी अधिकारी भी करेंगे मतदान का प्रचार
सरकारी अधिकारी भी अपनी गाड़ियों पर स्टीकर लगाकर मतदान की अपील करेंगे। डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि केसरवानी के आदेश के बाद सभी सरकारी वाहनों पर मतदान की अपील संबंधी स्टीकर चिपका दिए गए हैं। एडीएम प्रशासन ज्ञानेंद्र सिंह की देखरेख में मंगलवार को कलक्ट्रेट में खड़े प्रत्येक सरकारी वाहन पर यह स्टीकर चिपकाए गए।
डीएम की रिकॉर्डेड आवाज कर रही अपील
मतदान जागरूकता कार्यक्रम के तहत ही जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम निधि केसरवानी भी अपनी रिकॉर्डेड मोबाइल कॉल के जरिए लोगों से मतदान करने की अपील कर रही हैं। डीएम की यह रिकॉर्डिंग शहर के प्रत्येक मल्टीप्लेक्स में भी चलाई जा रही है।