फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: रात में गई बिजली, दिन में भी देती रही झटका

विज्ञापन
मुरादनगर। सुराना गांव में अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव करते लोग। संवाद
विज्ञापन
गाजियाबाद। ऊर्जा निगम के प्रबंध निदेशक ने शनिवार को जिले का दौरा कर बिजली कटौती, ट्रिपिंग व शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद बिजली व्यवस्था में कोई सुधार नहीं आया है। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली की लगातार आवाजाही से शहर से लेकर देहात तक लोग परेशान हैं।
विज्ञापन

रविवार रात भी कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। सोमवार दिन में भी बिजली की आवाजाही जारी रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रात में बिजली गुल होने पर देहात क्षेत्र से 75 और शहरी क्षेत्र से 83 शिकायतें दर्ज की गईं। उपभोक्ताओं में शिकायत केंद्र 1912 की कार्यप्रणाली को लेकर भी नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि शिकायत सुनने वाले कर्मचारी उनकी पूरी बात नहीं सुनते। कई बार 15 से 20 मिनट तक कॉल पर इंतजार करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पाता।
ऊर्जा निगम जोन-2 के मुख्य अभियंता नरेश भारती ने बताया कि जिन इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही, वहां की रिपोर्ट तलब की गई है। लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

राजपुरी कॉलोनी में रातभर गुल रही बिजली
लोनी की राजपुरी कॉलोनी निवासी सत्यम शर्मा ने बताया कि उनके इलाके में बलरामनगर बिजलीघर से आपूर्ति होती है। रात करीब 12 बजे बिजली चली गई। तड़के कुछ समय के लिए बिजली आई, लेकिन सुबह छह बजे फिर आपूर्ति बाधित हो गई। दोपहर 12 बजे के बाद बिजली बहाल हुई। गर्मी के कारण बच्चों और बुजुर्गों को काफी परेशानी हुई। मजबूरी में बीमारों और बच्चों को रिश्तेदारों के घर भेजना पड़ा।
गदाना बिजलीघर क्षेत्र में कई बार हुई ट्रिपिंग
तिबड़ा रोड, गली नंबर सात निवासी श्यामबीर ने बताया कि उनके इलाके में गदाना बिजलीघर से आपूर्ति होती है। रविवार रात करीब दो बजे बिजली चली गई। शिकायत दर्ज कराने के बावजूद सुबह आठ बजे बिजली आई, लेकिन दोपहर दो बजे तक पांच-छह बार बिजली कटती रही। गर्मी के कारण लोगों को घरों से बाहर समय बिताना पड़ा।
यूनियन रेजिडेंसी में 13 घंटे तक बाधित रही आपूर्ति
अकबरपुर बहरामपुर स्थित यूनियन रेजिडेंसी के विकास कुमार ने बताया कि रविवार रात 12 बजे बिजली चली गई थी और सोमवार दोपहर एक बजे तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। एसडीओ और एक्सईएन को शिकायत करने के साथ 1912 पर भी संपर्क किया गया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। बिजली न होने से लोग रात में ठीक से सो नहीं सके और कई लोगों को ऑफिस जाने में भी परेशानी हुई।
10 घंटे में 10 बार बिजली कटने से लोग परेशान
प्रताप विहार सेक्टर-12, एच ब्लॉक निवासी हर्ष बिष्ट ने बताया कि उनके इलाके में 10 घंटे के दौरान करीब 10 बार बिजली कटी। लगातार ट्रिपिंग के कारण बिजली आने का भी कोई लाभ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि शिकायतों के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम की स्थिति भी खराब है, जहां लोगों की समस्याएं गंभीरता से नहीं सुनी जा रही हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें