कौशांबी। दो जून को सुबह करीब 6ः15 बजे कौशांबी थाने से मात्र 500 मीटर की दूरी पर टहल रहीं दिल्ली के लक्ष्मीनगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य शाखा प्रबंधक रचना प्रसाद से पर्स छीनने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बुलंदशहर के खुर्जा का रहने वाला पुनीत है, जो वर्तमान में नई दिल्ली के जगतपुरी स्थित गली नंबर पांच में रह रहा था। वारदात के समय मौजूद उसके दूसरे साथी विशाल की पुलिस तलाश कर रही है।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि वारदात के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। छह जून को पुलिस ने आरोपी पुनीत को चेकिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पुनीत ने पुलिस को बताया की वह अपने साथी विशाल के साथ वारदात करने आया था। पर्स छीनने के बाद दोनों दिल्ली गए और यहां महिला बैंक अधिकारी का मोबाइल 1000 रुपये में राहगीर को बेंच दिया। पर्स में रखे 1200 रुपये में से 500 रुपये खर्च कर दिए। पुलिस ने 700 रुपये की नकदी बरामद कर ली है। महिला अधिकारी के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। एसीपी बताया कि आरोपी को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है। जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।