साहिबाबाद। वेंडिंग मार्केट के कियोस्क आवंटन को लेकर अब बैंक ऋण आधारित व्यवस्था लागू करने की मांग उठी है। राष्ट्रीय संगठन रेहड़ी पटरी संचालक वेलफेयर एसोसिएशन ने निजी ठेकेदार के माध्यम से कियोस्क आवंटित करने की प्रस्तावित व्यवस्था के विकल्प के रूप में आधुनिक फैब्रिकेटेड कियोस्क योजना का प्रस्ताव नगर आयुक्त को सौंपा है।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्याम किशोर गुप्ता ने बताया कि 17 नवंबर को दिए पत्र में सभी पीले पथ विक्रेता कार्डधारकों के निर्धारित प्रपत्र भरवाने और उनका सत्यापन कराने की मांग की है। उन्होंने बताया कि प्रस्ताव के अनुसार प्रत्येक कियोस्क की अनुमानित लागत 80 हजार से एक लाख रुपये होगी। इच्छुक विक्रेता बैंक से अपने नाम पर ऋण लेकर फैब्रिकेटर से सीधे कियोस्क बनवा सकेंगे। बैंक ऋण की राशि सीधे फैब्रिकेटर को देने का प्रस्ताव है। संगठन ने वेंडिंग जोन के स्थान के अनुसार तीन श्रेणियों में दो, तीन और चार हजार रुपये मासिक किराया निर्धारित करने का सुझाव दिया है। प्रत्येक वेंडर को नगर निगम की ओर से अलग क्यूआर कोड जारी कर किराया सीधे निगम के खाते में जमा कराने की व्यवस्था बनाने की मांग की है। संगठन ने विवादित राजस्व वितरण व्यवस्था की कानूनी जांच पूरी होने तक इसके क्रियान्वयन पर रोक लगाने की मांग भी की है।