बुधवार की बारिश में शहर भर की सड़कें उखड़ गईं। सड़क पर गहरे गड्ढे हो गए हैं और वाहन चालकों के लिए सड़क से गुजरना मुश्किल हो गया है। ये हालत तब है कि जब कुछ सड़कों को हाल ही बनाया गया था और कुछ का हाल ही पैचवर्क कराया गया था। आइए देखते हैं एक दिन की बारिश के बाद सड़कों का हाल।
ईडीएम रोड, कौशांबी
कौशांबी में ईडीएम रोड का पैचवर्क हाल ही में कराया गया था लेकिन पैचवर्क एक बारिश भी नहीं झेल सके। गिट्टियां उखड़ चुकी और गड्ढे हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम सड़क निर्माण में घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल करता है, जिसकी वजह सड़के एक बारिश भी नहीं झेल पाती हैं।
शॉप्रिक्स मॉल के सामने, वैशाली सेक्टर-4
यह वैशाली की सबसे व्यस्त रोड है। गगनचुंबी इमारत होने के साथ ही यहां वैशाली की मेन मार्केट भी है। इसी रोड पर महागुन मॉल भी है। ऐसे में वाहनों के दबाव का अंदाजा लगाना कोई मुश्किल नहीं है। मुख्य सड़क होने के बावजूद ये सड़क तेज बारिश और जलभराव नहीं झेल सकी।
औद्योगिक क्षेत्र साइट-4
एक वर्ष औद्योगिक क्षेत्र की सड़क का निर्माण कराया गया था और बुधवार की बारिश में इस सड़क में गड्ढे हो गए है। सड़क की हालत बद से बदतर हो गई हैं। गड्ढे इतने बड़े हैं कि वाहन पलट सकते हैं।
प्रिंसेज पार्क सोसायटी के सामने, अहिंसाखंड-2
अहिंसाखंड-2 की सड़क हाल ही बनी है, लेकिन पूरे मार्ग पर गिट्टियां उखड़ी पड़ी है। जलभराव से सड़क का बुरा हाल हो गया। कुछ घंटों की बारिश ने सड़क खस्ताहाल कर दी। इससे यहां की आरडब्ल्यूए में बेहद रोष हैं।
गांधीनगर में वीएमएलजी के सामने टूटी सड़क से हो रही परेशानी
विद्यावती महिला डिग्री कालेज के सामने टूटी सड़क छात्राओं और शिक्षिकाओं के लिए परेशानी का सबब बन गया है। कालेज के सामने सड़कों पर गहरे गड्ढे की वजह से आए दिन यहां दुर्घटनाएं होती रहती है।
वीएमएलजी की प्राचार्या डा. कुसुम त्यागी ने बताया कि लंबे समय से कालेज की छात्राएं यह समस्या झेल रही हैं। यहां पर तीन-तीन गर्ल्स कालेज और आठवीं तक का विद्यालय है, बावजूद इसके नगर निगम द्वारा इस सड़क की सुध नहीं ली जा रही।
एनएच-24 पर भी गड्ढे, लोग हो रहे चोटिल
डासना-मसूरी के बीच हाईवे-24 में गहरे गड्ढे हो गए हैं। यह गड्ढे इस कदर खतरनाक हैं कि आए दिन हादसों का सबब बन रहे हैं। बुधवार को भी मसूरी स्थित सामुदायिक केंद्र के सामने एक बाइक इन गड्ढों के चलते फिसल गई।
इससे बाइक सवार युवक अनुज चौधरी और उसकी गर्भवती पत्नी को चोट आईं। महिला को तत्काल ही एक निजी अस्पताल ले जाया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएचएआई ने करीब सात माह पूर्व ही इस सड़क का निर्माण किया था, मगर घटिया निर्माण सामग्री के चलते यह सड़क उधड़ने लगी है।