मसूरी। क्षेत्रांतर्गत रफीकाबाद कॉलोनी में मंगलवार रात तीन बजे घर में घुसे नकाबपोश बदमाशों ने बुजुर्ग से चाकू की नोक पर 35 हजार रुपये व चांदी के जेवर लूट लिए। हालांकि पुलिस मामले को संदिग्ध बता रही है।
मसूरी क्षेत्र के रफीकाबाद कॉलोनी में मंगलवार तड़के करीब तीन बजे तीन नकाबपोश बदमाश यूसुफ (65) के घर में घुस आए। यूसुफ का आरोप है कि बदमाशों ने उन्हें चाकू से आतंकित कर बंधक बना लिया और कमरे में रखे लगभग छह किलो चांदी के जेवर व 35 हजार की नकदी लूटकर भाग गए। किसी तरह बंधनमुक्त हुए यूसुफ ने अपने बेटे हनीफ को लूटपाट की बाबत जानकारी दी। हनीफ ने डायल 112 को सूचना दी। मसूरी थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की। युसुफ ने बताया कि तीनों बदमाशों के चेहरे कपड़े से ढके थे। घर में पहले एक बदमाश आया और बुजुर्ग यूसुफ पर चाकू सटाकर कहा कि बुला तेरा लड़का कहां है जिसपर बुजुर्ग ने कहा कि वह यहां नहीं है, तभी बाहर खड़े दो बदमाश अंदर आ गए और लूटपाट की। यूसुफ की पत्नी अपने मायके गई हुई थीं। जबकि बेटा हनीफ अपनी पत्नी व दो बच्चियों के साथ ऊपर कमरे में सो रहे थे। हनीफ ने तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सहायक पुलिस आयुक्त मसूरी लिपी नगायच ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच-पड़ताल की जा रही है, जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।