गाजियाबाद। साइबर ठगों ने महिला सहित चार लोगों से 1.26 करोड़ रुपये की साइबर ठगी कर ली। ठगों ने कौशांबी की एनवी गीता से शेयर ट्रेडिंग में निवेश कराकर 88.29 लाख रुपये ठग लिए। जबकि जागृति विहार वसुंधरा में रहने वाले अरुण कुमार शर्मा से 17.79 लाख रुपये ठगे। संजय नगर में रहने वाले योगेश कुमार राघव से ठगों ने 11.77 लाख रुपये और मोबाइल हैक कर नेहरू नगर में रहने वाले पराग गोयल से 8.23 लाख रुपये ठग लिए। चारों पीड़िता ने साइबर थाने में मुकदमे दर्ज कराए हैं।
शेयर ट्रेडिंग में निवेश करा 88.29 लाख हड़पे
कौशांबी के सुपरटेक रामेश्वर ऑर्किड्स में हरने वाले एनवी गीता के मुताबिक उन्होंने स्टॉक मार्केट की बाबत छानबीन की तो सोशल मीडिया के फेसबुक पर उन्हें नोमूरा नाम का विज्ञापन दिखा। विज्ञापन पर दिए गए नंबर पर संपर्क किया तो उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप में नेहा अय्यर नाम की महिला ने नोमुरा का सेबी में पंजीकरण बताकर शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने का झांसा दिया। पीड़िता ने 26 अगस्त से 19 सितंबर 2025 तक 88 लाख 29 हजार 160 रुपये निवेश किए। डीमैट खाते में उन्हें मुनाफा भी दर्शाया गया।
उन्होंने 20 हजार रुपये निकालने का प्रयास किया तो अतिरिक्त धनराशि की मांग की गई। जांच पड़ताल की तो सेबी में रजिस्ट्रेशन भी फर्जी पाया गया। पीड़िता ने साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
शेयर ट्रेडिंग में 17.79 लाख रुपये ठगे
वसुंधरा स्थित जागृति विहार सेक्टर-एक में रहने वाले अरुण कुमार शर्मा के मुताबिक 20 जुलाई 2025 को मुस्कान अग्रवाल नाम की महिला ने उन्हें टेलीग्राम एप पर जोड़ा। जहां उन्हें शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने के तरीके सिखाए गए। इसके बाद पीयू-प्राइम नाम के ट्रेडिंग एप पर निवेश कराया गया। जहां 10 से 20 प्रतिशत मुनाफा होने का दावा किया गया। अरुण कुमार शर्मा ने 17 लाख 79 हजार 980 रुपये निवेश किए। रुपये निकालने के प्रयास में उन्हें भी साइबर ठगी होने का अहसास हुआ। पीड़ित ने साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
मोबाइल हैक कर 8.23 लाख रुपये ठगे
नेहरू नगर में रहने वाले पराग गोयल के मोबाइल पर 26 सितंबर को गैस का बिल भुगतान के लिए मैसेज आया। मैसेज में देवेश जोशी नामक व्यक्ति का मोबाइल नंबर भी अधिक जानकारी के लिए बात करने को लिखा हुआ था।
अगले दिन उनके पास देवेश जोशी के नाम से फोन आया। देवेश ने उनसे बातचीत के दौरान बिल अपडेट करने के लिए एपीके फाइल का लिंक भेजा। पीड़ित के मुताबिक लिंक पर क्लिक करते ही उनका मोबाइल हैक हो गया। अलग-अलग दिनों में साइबर ठगों ने उनके दोनों खातों से कुल 8.23 लाख रुपये निकाल लिए।
महिला मित्र ने ठगे 11.77 लाख रुपये
संजय नगर निवासी पीड़ित योगेश कुमार राघव के मुताबिक फेसबुक पर 19 अगस्त को उनकी दोस्ती कृतिका शर्मा से हुई। युवती ने उन्हें फोन पर बताया कि वह पार्ट टाइम क्रिप्टोकरंसी में निवेश करती है। उन्हें भी युवती ने निवेश के नाम पर प्रोत्साहित किया। एक सितंबर को उनसे ट्रेडिंग शुरू कराई गई। शुरुआत में उन्होंने 10 हजार रुपये निवेश किया और बदले में 13 हजार 845 रुपये का रिटर्न मिला। फिर 15 सितंबर तक उन्होंने कई बार में 11.77 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। प्लेटफॉर्म पर उनका निवेश 30 लाख रुपये से ज्यादा दिख रहा था। पीड़ित ने जब रुपये निकालने चाहें तो उनसे कमीशन के नाम पर 6.55 लाख रुपये मांगे गए।