मुरादनगर। कन्नौजा गांव में शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। महिला का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने जांच-पड़ताल की है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है।
एसीपी भास्कर वर्मा के अनुसार, कन्नौजा गांव निवासी प्रिंस की पत्नी अनामिका (37) शनिवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आईं और घर का मुख्य दरवाजा भी नहीं खुला। कई बार आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इस पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।
इसके बाद परिजन पड़ोसी की छत के रास्ते कमरे के अंदर पहुंचे, जहां अनामिका का शव फंदे से लटका मिला। यह देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया, जिसके बाद पंचनामा भरकर शव उन्हें सौंप दिया गया। प्रिंस के दो बच्चे हैं। मामले में मायके पक्ष की ओर से भी कोई शिकायत नहीं दी गई है।