साहिबाबाद। शहर में जहरीली हवा का कहर थम नहीं रहा है। बीते पांच दिनों से निरंतर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। शुक्रवार को एक्यूआई जहां 310 था, वहीं 24 घंटे के भीतर यह बढ़कर 316 पहुंच गया। इसके साथ ही शनिवार को गाजियाबाद देश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर बन गया। इस दौरान 326 एक्यूआई के साथ ग्रेटर नोएडा पहले स्थान पर रहा।
अप्रैल के 25 दिनों में से केवल 11 दिन ही हवा सामान्य श्रेणी में रही है। शेष आठ दिन हवा के लिहाज से खराब और छह दिन बेहद खराब श्रेणी में दर्ज किए गए। आमतौर पर ठंड के मौसम में एक्यूआई बढ़ने की प्रवृत्ति देखी जाती है, लेकिन इस बार गर्मी के बावजूद हवा की गुणवत्ता लगातार बिगड़ रही है।
हाल ही में पीसीबी की सर्वे रिपोर्ट में साफ हुआ है कि शहर की हवा बिगड़ने की सबसे बड़ी वजह धूल है। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी अंकित सिंह के अनुसार, निर्माण स्थलों पर नियमित पानी का छिड़काव नहीं होने से हालात बिगड़ रहे हैं। उन्होंने अपील की है कि बाहर निकलते समय मास्क जरूर पहनें।