फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: शिव वंदना की राह में गड्ढों की वेदना

विज्ञापन
साहिबाबाद रेलवे रोड पर टूटी सड़क। अमर उजाला
विज्ञापन
गाजियाबाद/साहिबाबाद/मुरादनगर। भोले के भक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर गाजियाबाद पहुंचने लगे हैं, लेकिन शिव वंदना की इस पावन यात्रा में जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी सड़कें और अधूरे निर्माण कार्य बाधा बन रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद जिलाधिकारी रविंद्र मांदड़ ने सभी विभागों को 25 जुलाई तक कांवड़ मार्ग पूरी तरह दुरुस्त करने का आदेश दिया था। यह समयसीमा बीतने के बाद भी कई प्रमुख मार्गों की तस्वीर नहीं बदली। श्रद्धालुओं को आस्था के इस सफर में उबड़-खाबड़ रास्तों से गुजरना पड़ रहा है।
विज्ञापन


शनिवार को जिलाधिकारी ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पूरे कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। कई स्थानों पर सड़कें और अन्य व्यवस्थाएं अधूरी मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और 28 जुलाई तक हर हाल में सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि तय समय तक काम पूरा नहीं होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मेरठ रोड पर गड्ढों से गुजर रहे कांवड़िये

मेरठ रोड कांवड़ यात्रा का सबसे प्रमुख मार्ग है, जहां से हर साल लाखों श्रद्धालु गुजरते हैं। इसके बावजूद गुलधर के पास बड़े गड्ढे और मोरटा क्षेत्र में उखड़ी सड़क कांवड़ियों की राह कठिन बना रही है। इसी मार्ग से गाजियाबाद ही नहीं, बल्कि दिल्ली-एनसीआर के बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी गुजरते हैं।
विज्ञापन


न्यू लिंक रोड पर भी अधूरे इंतजाम

नोएडा और विजयनगर की ओर जाने वाले कांवड़ियों के लिए न्यू लिंक रोड महत्वपूर्ण मार्ग है। यहां मरम्मत कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है। बारिश के बाद सड़क की स्थिति और खराब हो गई है, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

गंगनहर से मेरठ रोड तक बदहाल सफर

गंगनहर पुल से मेरठ रोड को जोड़ने वाला मार्ग भी बदहाल है। बड़ी संख्या में कांवड़िये इसी रास्ते से गुजरते हैं, लेकिन टूटी सड़कें और गड्ढे उनकी यात्रा को मुश्किल बना रहे हैं।

बॉर्डर पर ही उखड़ी सड़क से सामना

दिल्ली से गाजियाबाद में प्रवेश करते ही जीटी रोड पर कई स्थानों पर सड़क उखड़ी हुई है। शहीदनगर मेट्रो स्टेशन के सामने सीसी सड़क का निर्माण अब तक पूरा नहीं हुआ है। आधी सड़क पर बजरी फैली होने से यहां दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोग कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन स्थिति जस की तस है।

रेलवे रोड और नहर रोड की हालत सबसे खराब

मेजर मोहित शर्मा मार्ग और साहिबाबाद रेलवे रोड पर कई स्थानों पर एक-एक फीट तक गहरे गड्ढे हैं। नाला निर्माण के कारण सड़कें भी धंस गई हैं। वसुंधरा सेक्टर-1 से वैशाली रामप्रस्थ तक जाने वाली करीब तीन किलोमीटर लंबी नहर रोड भी जगह-जगह टूटी हुई है। इस मार्ग से भी बड़ी संख्या में कांवड़िये गुजरते हैं।


28 जुलाई तक काम पूरा करें, नहीं तो होगी कार्रवाई : डीएम

जिलाधिकारी रविंद्र मांदड़ ने कहा कि सभी विभागों को 25 जुलाई तक कांवड़ यात्रा से जुड़े कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए थे। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर कार्य पूरे मिले, लेकिन कुछ स्थानों पर अभी भी सुधार की जरूरत है। संबंधित विभागों को 28 जुलाई तक हर हाल में काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद भी लापरवाही मिली तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।

साहिबाबाद रेलवे रोड पर टूटी सड़क। अमर उजाला

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें