बुलंदशहर/ककोड़। थाना क्षेत्र के गांव धनौरा निवासी जीतेंद्र उर्फ जीतू चौधरी पर फायरिंग करने का आरोपी गांव धनौरा निवासी कुलदीप मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस ने कुलदीप को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से बाइक, अवैध असलहा बरामद किया है।
सीओ भास्कर कुमार मिश्रा ने बताया कि रविवार की रात में ककोड़ पुलिस, स्वाट टीम हसनपुर लडूकी बंबे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर एक संदिग्ध आते हुए दिखाई दिया।
रुकने का इशारा करने पर बाइक को वापस मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने पीछा किया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ में जवाबी फायरिंग की। वहीं, बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। आरोपी से घटना मेंं प्रयुक्त पिस्टल, चार कारतूस, दो खोखा, अबाइक, दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। कुलदीप पर आरोप है कि उसने अपने साथियों के 15 मई को ककोड़ बाजार में धनौरा निवासी जीतेंद्र उर्फ जीतू चौधरी पर फायरिंग की थी।
अमित जाट गैंग ने सुनियोजित तरीके से दिया था वारदात को अंजाम
सीओ ने बताया कि पूछताछ में कुलदीप ने बताया कि जीतू चौधरी पर किया गया जानलेवा हमला सुनियोजित था। जिसे अमित जाट गैंग ने अंजाम दिया। उसने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। एक आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। बताया कि कुलदीप अमित जाट गैंग का सक्रिय सदस्य है। जीतू चौधरी ने मामले में तहरीर देकर अमित जाट, राजेंद्र, हरेंद्र, जयकुमार उर्फ जैयका, अमित जौनू समेत अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। अमित जाट समेत तीन आरोपी विभिन्न जेलों में निरुद्ध हैं। जांच के दौरान आरोपी कुलदीप का नाम प्रकाश में आया था। आरोपी कुलदीप पर थाना ककोड़ में तीन आपराधिक मामले दर्ज है।
वर्षों से चली आ रही रंजिश में दोनों पक्षों के कई लोगों की हो चुकी है हत्या
-अमित जाट और पीड़ित पक्ष में करीब 20 वर्ष से खूनी रंजिश चली आ रही है। रंजिश में दोनों पक्षों के कई लोगों की हत्या हो चुकी है। रंजिश का यह खेल होली के दिन हुए विवाद को लेकर शुरू हुआ था।
ककोड़ क्षेत्र में मुठभेड़ में गिरफ्तार बदमाश से बरामद बाइक। स्रोत: पुलिस