इंदिरापुरम। कोतवाली क्षेत्र के सीआईएसएफ रोड पर शनिवार देर शाम मीडियाकर्मी के गाड़ी से ठक-ठक गिरोह ने मोबाइल उड़ा लिया। उन्होंने इंदिरापुरम पुलिस को लिखित शिकायत दी है।
वसुंधरा सेक्टर पांच में रहने वाले अतुल यादव नई दिल्ली स्थित मीडिया एजेंसी में कार्यरत हैं। शाम 6:30 बजे वह अपनी गाड़ी से घर लौट रहे थे। सीआईएसएफ रोड पर बाइक पर आए दो लोगों ने गाड़ी के शीशे पर ठक-ठक कर रोकने का इशारा किया। जैसे ही उन्होंने सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर शीशा नीचे किया तभी दूसरी तरफ से दो अन्य सदस्यों ने उनका आईफोन-14 प्रो उड़ा लिया। इंदिरापुरम एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे से गिरोह के सदस्यों की पहचान कर रहे है।