टीएचए में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और रेनीवेल बनने का रास्ता साफ हो गया है। नगर निगम नूरनगर में 7500 वर्ग मीटर जमीन जल निगम को देगा। संपत्ति विभाग ने इन प्रोजेक्ट के लिए जमीन चिन्हित कर ली है। जमीन नहीं मिलने की वजह से दोनों प्रोजेक्ट अटके हुए थे।
फिलहाल मोहन नगर जोन की कालोनियों के सीवरेज का ट्रीटमेंट करने के लिए नगर निगम के पास प्लांट नहीं है। अब नगर निगम के प्रस्ताव पर जल निगम ने इसके लिए प्लानिंग की है। अमृत योजना से इनके लिए फंड लिया जाएगा। टीएचए में पानी की किल्लत को देखते हुए जल निगम ने इस क्षेत्र के लिए तीन रेनीवेल बनाने की योजना भी तैयार की है।
जल निगम ने नगर निगम से रेनीवेल के लिए ढाई हजार वर्ग मीटर और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए 5 हजार वर्ग मीटर जमीन मांगी थी। नगर निगम के संपत्ति प्रभारी एमपी सिंह ने बताया कि करहेड़ा के पास नूरनगर गांव के दो खसरा नंबरों में सरकारी जमीन खाली है। दोनों के लिए जमीन चिन्हित कर ली है। जल्द ही जल निगम को हैंडओवर कर दी जाएगी।