टीएचए के लोगों को तीन दिन बिजली कटौती झेलनी होगी। पावर कारपोरेशन की ओर से हिंडन नदी पर मेट्रो लाइन के ऊपर से 35 मीटर के नए दो टावरों पर एचटी लाइन का तार खींचा जाएगा। इसके चलते मोरटा मुरादनगर 400 केवी सब-स्टेशन से साहिबाबाद लाइन पर 18 फरवरी सुबह 10 बजे से 20 फरवरी दोपहर 12 बजे तक शटडाउन रहेगा।
वहीं शटडाउन में इंदिरापुरम में 400 केवीए सब-स्टेशन के लिए एचटी लाइन खींचने का कार्य भी किया जाएगा। टीएचए के लोगों को बिजली कटौती से राहत देने के लिए कारपोरेशन नोएडा से 200 मेगावाट बिजली लेगा।
ट्रांसमिशन के अधिशासी अभियंता यतेंद्र कुमार ने बताया कि हिंडन नदी पर मेट्रो लाइन के ऊपर से एचटी लाइन ले जाने के लिए 14 की जगह 35 मीटर के दो टावर लगाए गए थे। अब टावरों पर एचटी लाइन खींचने के कार्य के चलते तीन दिन शटडाउन लिया जाएगा।
मुरादनगर 400 केवी सबस्टेशन से शटडाउन शनिवार सुबह 10 बजे से सोमवार दोपहर 12 बजे तक रहेगा। इसके अलावा मेट्रो लाइन के ऊपर डाली जाने वाली लाइन को क्रॉस करते हुए एक लाइन इंदिरापुरम 400 केवी सब-स्टेशन तक डाली जाएगी।
ट्रांसमिशन के अधिशासी अभियंता राजेश तोमर ने बताया कि लोगों को अधिक बिजली कटौती नहीं झेलनी पड़े इसके लिए नोएडा से 200 मेगावाट बिजली ली जाएगी।
तीन से चार घंटे की कटौती होगी
टीएचए को मुरादनगर से करीब 350 एमवीए बिजली मिलती है। मुरादनगर से शटडाउन लेने से टीएचए की बिजली व्यवस्था चरमरा जाएगी। हालांकि पावर कारपोरेशन ने नोएडा से बिजली लेकर सप्लाई व्यवस्था सुचारू रखने का दावा किया है लेकिन वहां से मात्र 200 एमवीए बिजली ही मिल पाएगी।
इसके चलते कालोनियों में अलग अलग समय पर तीन से चार घंटे की कटौती होगी। ऐसे में अगर कोई लोकल फॉल्ट हो जाए तो कटौती का समय छह से सात घंटे तक हो सकता है। इसकी वजह से लोगों को बिजली किल्लत का सामना करना होगा।