गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार रात हुए धमाके की जिम्मेदारी तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान नाम के संगठन ने लेने का दावा किया है। संगठन की ओर से घटना के कुछ घंटे बाद ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो जारी किया गया। इसमें एक नकाबपोश व्यक्ति ने धमाके को सरकार और पुलिस के खिलाफ कार्रवाई बताया है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों ने संगठन के दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गाजियाबाद पुलिस के साथ आईबी, यूपी एटीएस और अन्य केंद्रीय एजेंसियां जांच में जुटी हैं। शनिवार सुबह करीब आठ बजे विभिन्न एजेंसियों की टीमें चौकी पहुंचीं। तीन से चार घंटे तक चली जांच के दौरान कई नमूने एकत्र कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए। हालांकि, धमाके में इस्तेमाल विस्फोटक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
जांच के दौरान चौकी से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एलिवेटेड रोड पर एक लावारिस स्कूटी मिली। इसे दिल्ली निवासी मोमीन की बताया जा रहा है। पुलिस को उसका मोबाइल फोन नंबर बंद मिला। ऐसे में गाजियाबाद क्राइम ब्रांच की टीम दिल्ली भेजी गई है। जांच की जा रही है कि इसका धमाके से कोई संबंध है या नहीं।
रात करीब 10 बजे हुआ धमाका, डिलीवरी बॉय के चेहरे व सीने में घुसे कांच के टुकड़े
इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार रात करीब 10 बजे तेज धमाका हुआ था। धमाके से चौकी की दो खिड़कियों के शीशे टूट गए थे और दीवार में दरार आ गई थी। घटना के समय चौकी में उपनिरीक्षक विकास चौधरी अकेले मौजूद थे। उन्होंने ऑनलाइन खाना मंगाया था। इसी दौैरान डिलीवरी बॉय अर्थला निवासी ईशान खाना देने पहुंचा था। धमाका होने पर टूटी खिड़कियों के कांच के टुकड़े ईशान के मुंह, हाथ और सीने में जा घुसे। लहूलुहान हालत में उसे दिल्ली के सूर्या अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, उपनिरीक्षक को कोई चोट नहीं आई। सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ फायर ब्रिगेड, फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। शुरुआत में एसी के कंप्रेसर और पटाखों से धमाके की आशंका जताई गई थी, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई।
हमले को बताया सरकार के खिलाफ कार्रवाई
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में नकाब पहने व्यक्ति पहले उर्दू और फिर हिंदी में बोलता दिखाई दे रहा है। वह दावा करता है कि संगठन ने भगवा सरकार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गाजियाबाद में पुलिस को निशाना बनाया है। वीडियो में पुलिस, सेना और न्यायपालिका को लेकर भी आरोप लगाए गए हैं। साथ ही आगे भी ऐसी कार्रवाई करने की बात कही गई है। वीडियो के साथ सोशल मीडिया पर अंग्रेजी में लिखा एक संदेश भी वायरल हो रहा है। इसमें भड़काऊ और सांप्रदायिक टिप्पणियां की गई हैं। जांच एजेंसियां वीडियो की प्रामाणिकता, संगठन के दावे और अकाउंट संचालित करने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी हैं।
एलिवेटेड रोड से विस्फोटक सामग्री फेंके जाने की आशंका
जांच के दौरान पुलिस ने इस आशंका पर भी पड़ताल की कि विस्फोटक सामग्री एलिवेटेड रोड से चौकी की ओर फेंकी गई हो सकती है। वसुंधरा पुलिस चौकी एलिवेटेड रोड से करीब 60 फीट नीचे स्थित है। पुलिसकर्मियों ने संभावित घटनाक्रम को समझने के लिए एलिवेटेड रोड से पांच से छह किलोग्राम वजनी वस्तु चौकी की ओर फेंकी। हालांकि, अभी जांच टीम किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। संदिग्ध स्कूटी भी एलिवेटेड रोड पर मिली है।
200 से अधिक कैमरों की फुटेज खंगाली, 50 संदिग्धों पर नजर
एटीएस, क्राइम ब्रांच और साइबर सेल ने वसुंधरा चौकी और आसपास के 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। इसके आधार पर करीब 50 संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। ये लोग वारदात के समय चौकी के आसपास मौजूद थे। इसके अलावा रात करीब 10 बजे घटनास्थल के आसपास सक्रिय रहे एक हजार से अधिक मोबाइल फोन का बीटीएस डाटा भी जुटाया गया है। एजेंसियां इनकी गतिविधियों का विश्लेषण कर रही हैं।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। मौके से ऐसी कोई सामग्री नहीं मिली है, जिससे तत्काल धमाके की वजह या उसमें इस्तेमाल विस्फोटक का पता चल सके। आतंकी साजिश और दुर्घटना, दोनों पहलुओं पर जांच की जा रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
-जे. रविंदर गौड़, पुलिस आयुक्त