मेन बाजार में एक सप्ताह पूर्व किशोरी को घर में खींचकर पड़ोसी युवक ने उसके साथ रेप किया। भयभीत पीड़ित परिवार ने पुलिस को रेप की सूचना नहीं दी। जानकारी मिलने पर भाजपा नेता ने रविवार दोपहर लोनी कोतवाली पहुंचकर आरोपी युवक के खिलाफ पीड़िता के पिता से तहरीर दिलवाई, जिसके आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दोनों पक्षों के समुदाय अलग होने से कालोनी में तनाव है।
दोपहर करीब 12 बजे भाजपा नेता नंदकिशोर गुर्जर 30-35 समर्थकों के साथ किशोरी के पिता को लेकर लोनी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि 18 जुलाई को रात साढ़े नौ बजे 12 वर्षीय किशोरी घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान पड़ोसी युवक सलमान उसे जबरन अपने घर में खींच कर ले गया, जहां उसने किशोरी के साथ रेप किया।
विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने पड़ोसी महिला के माध्यम से सारी बात पिता को बताई, लेकिन डर के कारण पीड़िता के पिता ने पुलिस से शिकायत नहीं की थी। सीओ अनिल यादव का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक टीम का गठन किया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।