कौशांबी। थानाक्षेत्र स्थित पार्क में क्रिकेट खेलने गया 14 वर्षीय किशोर लापता हो गया। मामला दो दिसंबर का है और तीन दिसंबर को सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी को किशोर मिला। सूचना मिलने के बाद परिवार वाले बच्चे को लाने के लिए पुलिस के साथ रवाना हुए।
कौशांबी थाने में दर्ज हुई गुमशुदगी में व्यक्ति ने बताया कि उनका 14 वर्षीय बेटा अपने बड़े बेटे के साथ वैशाली सेक्टर चार स्थित पार्क में खेलने गया था। कुछ देर बाद लघुशंका जाने की बात कहकर पार्क से चला गया। काफी देर तक भाई का इंतजार करने के बाद बड़ा बेटा अकेले ही घर लौट आया। जब यहां भी उसने भाई को नहीं देखा तब परिवार वालों को बताया। परिजनों ने खोजबीन शुरू की लेकिन कहीं भी किशोर का कुछ भी पता नहीं चला। पुलिस ने बच्चे की गुमशुदगी देर रात दर्ज की। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि तीन दिसंबर को सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी के जवानों को किशोर भटकता हुआ मिला। तब उन्होंने उसकी जानकारी हासिल की और थाना पुलिस को सूचना दी। परिवार वाले थाना पुलिस के साथ किशोर को लेने गए हैं। बच्चे के वापस लौटने पर काउंसलिंग करके कानूनी प्रक्रिया के तहत बच्चा परिजनों को सौंपा जाएगा।