मुरादनगर। नहाते समय सेल्फी ले रहा कारोबारी नहर के तेज बहाव में बह गया। एनडीआरएफ की टीम ने काफी मशक्कत की, लेकिन उनका पता नहीं चला। फिलहाल, उनकी तलाश जारी है।
एसीपी लिपि नगायच ने बताया कि मोदीनगर की भूपेंद्रपुरी कॉलोनी निवासी लव गोयल (32) पुत्र दीपक गोयल पूना में कारोबार करते हैं। उनके माता पिता नहीं हैं। छोटा भाई कपिल उनके साथ रहता है। करीब एक साल से वह भूपेंद्रपुरी कॉलोनी में बहन के साथ रह रहे हैं। लव गोयल 11 मार्च को परिवार के चार सदस्यों के साथ मुरादनगर नहर में नहाने गए थे।
रात करीब तीन बजे सभी रेलवे पुल के पास पहुंचे और वहां सेल्फी लेने के साथ ही रील बनाने लगे। सेल्फी लेते समय लव गोयल अनियंत्रित होकर नगर में गिर गए और पानी के तेज बहाव में बह गए। अन्य लोगों ने उनको बचाने की काफी कोशिश की। मौके पर पहुंची पुलिस ने निजी गोताखोरों की मदद से लव की तलाश करवाई, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद एनडीआरएफ टीम को बुलाया गया।