नेहरूनगर द्वितीय में पार्षद शिवकुमार अग्रवाल के भाई के घर चोरी मामले में एक महिला समेत तीन संदिग्ध लोगों की तस्वीर पार्षद के घर लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है।
पार्षद के घर लगे सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि उनके भाई प्रवीण कुमार अग्रवाल के घर की तरफ बाइक पर दो युवक कई बार आए-गए। एक महिला भी उनके साथ थी, यह महिला पार्षद के भाई के परिवार की ‘जानकार’ है।
एसएचओ सिहानी गेट अवनीश गौतम ने बताया कि संदिग्धों की तलाश की जा रही है, जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा। बता दें कि बिल्डिंग मैटीरियल कारोबारी प्रवीण के घर शनिवार को दिनदहाडे़ चोरों ने 15 लाख का सामान चोरी कर लिया था।
ऑपरेशन चक्रव्यूह के जरिए रोकी जाएंगी चोरी
गाजियाबाद। गर्मियों में दिनदहाडे़ हो रही चोरी की वारदातों की रोकथाम के लिए तीन माह तक ऑपरेशन चक्रव्यूह चलाया जाएगा। इस अभियान की प्लानिंग सीओ द्वितीय मनीष मिश्रा ने की है। जल्द ही इसे पूरे शहर में लागू किया जा सकता है।
सीओ द्वितीय ने बताया कि ऑपरेशन जुलाई महीने तक चलाया जाएगा। दोपहर एक से तीन बजे तक ज्यादातर स्कूली बच्चों की छुट्टियां होती हैं। गृहणियां बच्चों को स्कूल से लेने या स्कूल वैन से रिसीव करने घर बंद कर जाती हैं। बंद मकान का ताला तोड़कर चोर वारदात कर देते हैं।
इस वजह से इस अभियान की प्लानिंग की गई। प्लान के तहत बीट कांस्टेबल कालोनी और सोसायटी में तैनात सिक्योरिटी गार्ड से मिलकर उससे मोबाइल नंबर का आदान प्रदान करेगा। इससे पुलिस फोर्स की कमी भी महसूस नहीं होगी। सिक्योरिटी गार्ड कालोनी में आने जाने वाले संदिग्धों के बारे में पुलिस को जानकारी देंगे।
सूचना मिलने पर बीट कांस्टेबल और चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति की जांच करेंगे। सीओ ने बताया कि सर्किल द्वितीय के आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ मीटिंग की जाएगी। उनसे कालोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों, सिक्योरिटी गार्ड को समय समय पर चेक करने के लिए कहा जाएगा।