गाजियाबाद। क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी जितेंद्र यादव ने बुधवार सुबह महामाया स्टेडियम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दो अंशकालिक खेल प्रशिक्षक अनुपस्थित मिले, जिनकी पूर्व सूचना भी नहीं दी गई थी। इस पर क्रीड़ाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित प्रशिक्षकों का सुबह का मानदेय काटने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्टेडियम में चल रहे खेल प्रशिक्षण शिविरों का भी जायजा लिया। पावर लिफ्टिंग और नेटबॉल के प्रशिक्षकों के अनुपस्थित रहने पर उन्होंने कहा कि प्रशिक्षकों को समय पर उपस्थित होकर पंजीकृत खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण देना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।
क्रीड़ाधिकारी ने स्टेडियम में चल रहे जीर्णोद्धार कार्य की प्रगति भी देखी और संबंधित एजेंसी को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि स्वीमिंग पूल का निर्माण अभी अधूरा है, जिसे समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने को कहा गया है। इस मौके पर जिला क्रीड़ाधिकारी अभिषेक धनुक भी मौजूद रहे।