बुखार का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। बृहस्पतिवार को हरवंश नगर में एमए की एक छात्रा की बुखार से मौत हो गई। बुधवार शाम छात्रा को तेज बुखार आया था। परिजनों ने दवा दिला दी लेकिन बृहस्पतिवार सुबह करीब 10:30 बजे छात्रा ने दम तोड़ दिया। आशंका है कि तेज बुखार में ब्रेन हैमरेज से मौत हुई है।
छात्रा की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है। हरवंश नगर निवासी हेमराज पाल की बेटी प्रीति पाल (23) एमएमएच काॅलेज में एमए फर्स्ट ईयर में पढ़ती थी। पूर्व में वह छात्रसंघ में उपाध्यक्ष का चुनाव भी लड़ चुकी थी और सिर्फ तीन वोटों से हार गई थी।
पिता ने बताया कि बुधवार शाम प्रीति को बुखार आया था। उन्होंने पड़ोस में ही डॉक्टर से दवा दिला दी। शाम को थोड़ा आराम मिला। बृहस्पतिवार सुबह वह ऑफिस चले गए। थोड़ी देर बाद करीब 10 बजे प्रीति की तबीयत बिगड़ गई।
वह तत्काल घर पहुंचे और प्रीति को नंदग्राम स्थित मरियम अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खून की जांच न करा पाने की वजह से परिजन यह नहीं बता पा रहे कि प्रीति को चिकनगुनिया, डेंगू या वायरल था। हालांकि आशंका जताई जा रही है कि तेज बुखार के चलते ब्रेन हैमरेज से मौत हो सकती है।
बीटीसी में चयन की खुशी भी न मना पाई प्रीति
पिता हेमराज ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले ही प्रीति ने उन्हें बीटीसी में चयन होने की जानकारी दी थी। उसने कहा था कि वह मेरे सपनों को पूरा करेगी, लेकिन वह ठीक से बीटीसी में चयन की खुशी भी न मना पाई थी कि हमें छोड़कर हमेशा के लिए चली गई।