जिला प्रशासन द्वारा 2 अक्तूबर को चलाए जाने वाले विशेष स्वच्छता अभियान के तहत बृहस्पतिवार को गांव बसंतपुर सैंतली में जागरूकता रैली निकाली गई। इस दौरान बच्चों व अभिभावकों को बताया गया कि वह किस तरह स्वच्छ रहते हुए बीमारियों से दूर रह सकते हैं।
रैली को एडीएम सिटी और सीएमओ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एडीएम सिटी प्रीति जायसवाल ने बताया कि 22 सितंबर से 2 अक्तूबर तक गांव-गांव में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बच्चों द्वारा रैली निकाली जाएगी।
कार्यशाला का आयोजन होगा। साथ ही स्वास्थ्य जागरूकता कैंप भी लगाए जाएंगे। बृहस्पतिवार को गांव में आयोजित जागरूकता शिविर में सीएमओ डा. अजेय अग्रवाल द्वारा ग्रामीणों को डेंगू और चिकनगुनिया के लक्षण और इसके निवारण बताए गए। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी सतर्कता साफ-सफाई की है। स्वच्छता से ही बीमारी दूर होगी।
दूसरी ओर दो अक्तूबर को चलाए जाने वाले विशेष स्वच्छता अभियान के लिए जिला मुख्यालय पर एडीएम ज्ञानेंद्र सिंह प्रशासन ने भी बैठक ली। बैठक में जिला प्रशासन, नगर निगम, जीडीए, सिविल डिफेंस और एनजीओ के लोग मौजूद रहे। बैठक में विशेष सफाई अभियान के लिए दिशा निर्देश जारी किए गए।