साहिबाबाद। टीलामोड़ स्थित तुलसी निकेतन कॉलोनी में करीब एक सप्ताह से स्ट्रीट लाइट खराब हैं। इसकी वजह से गलियों में अंधेरा छाया हुआ है। यह कॉलोनी जीडीए के तहत आती है। लोगों का कहना है कि इसके बाद भी अधिकारी समस्या का समाधान जल्द नहीं कर पाते हैं। अंधेरे के कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और हादसों का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है।
कॉलोनी निवासी राजेश ने बताया कि रात होते ही गलियों में अंधेरा छा जाता है। इससे पैदल चलने वाले लोगों, खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को काफी दिक्कत होती है। अंधेरे के कारण असामाजिक तत्वों के सक्रिय होने की आशंका भी बनी रहती है। इससे लोगों में भय का माहौल है। वहीं सड़कों की खराब हालत इस समस्या को और गंभीर बना रही है। कई जगहों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जो अंधेरे में दिखाई नहीं देते। इसके चलते वाहन चालक अक्सर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। निवासी सुभाष ने सोशल मीडिया ग्रुप में कॉलोनी के आरडब्ल्यूए पदाधिकारी को टैग करके भी समस्या का समाधान कराने की मांग की है। संबंधित विभाग से जल्द से जल्द स्ट्रीट लाइटों और सड़कों के गड्ढों को भरवाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तब कोई बड़ा हादसा हो सकता है। आरडब्ल्यूए पदाधिकारी बलवंत रावत ने जीडीए के संबंधित अधिकारी से शिकायत की है।