गाजियाबाद के सुराना गांव में घर के पास खेल रहे 13 वर्षीय छात्र पर आवरा कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने छात्र को कई जगह काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह छात्र को कुत्ते से बचाया
गाजियाबाद के सुराना गांव में घर के पास खेल रहे 13 वर्षीय छात्र पर आवरा कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने छात्र को कई जगह काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह छात्र को कुत्ते से बचाया और उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुरादनगर पहुंचाया। डॉक्टरों ने छात्र को एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाकर उपचार शुरू किया।
विज्ञापन
सुराना गांव निवासी वंश पुत्र दीपक गांव के स्कूल में कक्षा सात का छात्र है। बताया गया कि वंश गांव में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान एक कुत्ते ने अचानक उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने वंश को सिर में तीन जगह, कमर में दो जगह और पैर में दो जगह काटा। इसके अलावा हाथ में भी करीब दस जगह काटने के निशान हैं। हमले के दौरान वंश के चीखने पर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे कुत्ते से बचाया। परिजन और ग्रामीण घायल वंश को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुरादनगर लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसकी चोटों का उपचार करने के साथ एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाया।
डॉक्टरों ने परिजनों को छात्र की स्थिति पर नजर रखने और निर्धारित समय पर आगे के इंजेक्शन लगवाने की सलाह दी। वंश के पिता दीपक का करीब आठ माह पहले निधन हो चुका है। पिता की मौत के बाद उसकी मां गायत्री ही उसकी देखभाल कर रही हैं। ग्रामीणों ने गांव में घूम रहे आवारा कुत्तों को पकड़वाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।