गाजियाबाद। ओला सर्विस सेंटर के कर्मचारियों पर ग्राहकों को मूल्य से कम दरों में सामान बेचकर लाखों रुपये गबन करने का आरोप लगा है। मेरठ रोड स्थित इलक्ट्रिक दोपहिया कंपनी ओला के एक कर्मचारी ने अपने साथी कर्मचारियों के खिलाफ नंदग्राम थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
एसीपी नंदग्राम उपासना पांडे ने बताया कि ओला सर्विस सेंटर के प्रतिनिधि सिकंदर सिंधू के मुताबिक मेरठ रोड स्थित इलेक्ट्रिक दोपहिया कंपनी ओला के सर्विस सेंटर पर कार्यरत कर्मचारी अरुण कुमार और अन्य ने ग्राहकों को स्टोर में रखा सामान सस्ती कीमत पर बेच दिया। कंपनी की अंदरूनी जांच में पता चला कि पांच लाख रुपये से ज्यादा कीमत का सामान बेचकर रुपये हड़प लिए गए हैं। बताया कि ग्राहकों के वाहन में पार्ट्स डाले बिना फर्जी इनवेंटरी तैयार की गई।
सामान खुले बाजार में बेच दिए या ग्राहकों को 50 प्रतिशत छूट पर बिना कंपनी की जानकारी के लगा दिए। कंपनी की जांच में पाया गया कि पार्ट्स को ग्राहकों के वाहनों में लगाना दिखाकर रिकार्ड में दर्ज किया जाता था। कुछ पार्ट्स महंगे भी बाहर बेचे गए, जिनमें टच स्क्रीन भी शामिल है। आरोपी रिकार्ड में हेरफेर और तथ्यों को छुपाकर 5.12 लाख रुपये का गबन कर चुके हैं। प्रतिनिधि ने कंपनी के कर्मचारी अरुण एवं अन्य के खिलाफ नंदग्राम थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। एसीपी ने बताया कि मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।