दिल्ली रेलवे स्टेशन से कानपुर स्टेशन जा रही वंदे भारत ट्रेन रविवार की सुबह करीब सात बजे खुर्जा के कमालपुर स्टेशन से गुजर रही थी। इसी दौरान अज्ञात ने ट्रेन पर पत्थर मार दिया। जिससे ट्रेन के एक कोच का शीशा भी क्षतिग्रस्त हो गया। जिसके बाद इस कोच की दूसरी बर्थ पर बैठे आजाद समाज पार्टी के नगीना (बिजनौर) से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने एक्स पर पोस्ट कर घटना के विषय में बताया। साथ ही घटना की निंदा की। उन्होंने अपनी पोस्ट में बच्चों को भी जागरूक करने की बात लिखी।
सांसद चंद्रशेखर आजाद ने पोस्ट कर लिखी ये बात-
लिखा कि इस प्रकार की घटना से सरकारी संपत्ति की क्षति होती है। साथ ही यात्रियों को भी खतरा रहता है। यदि बच्चों को जागरूक किया जाएगा, तो घटना कम होंगी। साथ ही यात्रियों की सुरक्षा हो सकेगी। उन्होंने घटना को लेकर केंद्रीय रेलवे मंत्री, रेलवे पुलिस और प्रशासन के लिए सख्त कदम उठाने की बात लिखी है। उधर, आरपीएफ की टीम ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की।
वंदे भारत ट्रेन के दिल्ली से आते वक्त पत्थर फेंकने के मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसको लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। वहीं ट्रेन के वापस आने पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएंगे। -गुलजार सिंह, सहायक आयुक्त, आरपीएफ, अलीगढ़