गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम थानाक्षेत्र में शनिवार की सुबह कांशीराम काॅलोनी में रहने वाली महिला ने घर से 80 हजार रुपये, सोने और चांदी के जेवर चोरी होने की सूचना डायल 112 पर की। सूचना देने वाली महिला के बेटे ने ही घर में चोरी की वारदात स्वीकार कर ली है और रुपये भी बरामद करा दिए। अब पीड़िता पुलिस से बेटे को छोड़ने के लिए गिडगिड़ा रही है।
एसीपी कविनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि कांशीराम काॅलोनी में निवासी महिला ने ने शनिवार सुबह पुलिस को चोरी की सूचना दी थी। आरोप है कि चोर 80 हजार रुपये, सोने और चांदी के जेवर चोरी करके ले गए। घटना शुक्रवार की रात को हुई है और शनिवार सुबह जागने पर चोरी का पता चला। एसीपी ने बताया कि शिकायतकर्ता के घर के सामने समेत आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के बाद जांच की गई। शिकायतकर्ता के बेटे को संदिग्ध मानते हुए हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली है। उसकी निशानदेही पर रुपये भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने महिला के बेटे को हिरासत में लिया तो अब वह शिकायत वापस लेने की बात कह रही है। हालांकि चोरी की तहरीर नहीं मिली है। उसके बाद ही कार्रवाई की जाएगी।