बिजली की समस्या झेल रहे शहर की 8 कालोनियों के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। इस महीने के आखिर तक शास्त्री नगर, संजय नगर सेक्टर-23 और गोविंदपुरम में बन चुके विद्युत सब स्टेशन शुरू हो जाएंगे।
बिजली विभाग का ट्रांसमिशन डिविजन इन सब स्टेशनों को टेक ओवर करने के बाद सप्लाई शुरू कर देगा। इससे आधा दर्जन कालोनियों को जल्द ही अघोषित बिजली कटौती व ओवर लोड की समस्या से निजात मिलेगी।
प्रदेश सरकार ने गाजियाबाद को नो पावर कट जोन में रखा हुआ है। इसके बाद भी जिले में डिमांड की तुलना में सप्लाई हमेशा कम ही रहती है। यही कारण है कि कई कालोनियों में कई घंटे तक अघोषित बिजली कटौती रहती है।
पावर कारपोरेशन जल्द ही शहर की आधा दर्जन कालोनियों को इस समस्या से निजात दिलाएगा। कारपोरेशन के एसई एसबी यादव ने बताया कि विभाग द्वारा बनाए जा रहे शास्त्री नगर, गोविंदपुरम और संजय नगर सेक्टर 23 के सब स्टेशन लगभग बनकर तैयार हैं।
शास्त्री नगर और संजय नगर में 33 केवीए के सब स्टेशन बनाए गए हैं। इनमें प्रत्येक की क्षमता 20 एमवीए होगी। इनके निर्माण पर करीब 2 करोड़ रुपये से ज्यादा का बजट खर्च हुआ है।
गोविंदपुरम में 132 केवीए क्षमता का सब स्टेशन बनाया जा रहा है। शास्त्री नगर में एक सब-स्टेशन पहले से चल रहा है। अब नया सब स्टेशन बन जाने से उसकी ओवरलोडिंग खत्म हो जाएगी।
इन कालोनियों के लोगों को मिलेगी राहत
नए सब स्टेशन बनने से संजय नगर, शास्त्री नगर के विभिन्न ब्लॉक, चिरंजीव विहार, अवंतिका, गोविंदपुरम, रईसपुर, सदरपुर, एनडीआरएफ के आगे मधुबन बापूधाम कालोनी के लोगों को फायदा होगा। इन कालोनियों में बिजली भरपूर मिलेगी।
साल के अंत तक 26 सब स्टेशन हो जाएंगे शुरू
बिजली विभाग के चीफ इंजीनियर एसके गुप्ता ने बताया कि गाजियाबाद जोन में बुलंदशहर, हापुड़ और गाजियाबाद आते हैं। जोन में वर्ष के अंत तक 26 सब स्टेशन शुरू हो जाएंगे। उम्मीद है कि इनमें कुछ सब-स्टेशन एक से दो माह में शुरू हो जाएंगे। गाजियाबाद शहरी क्षेत्र में मेरठ रोड और नूरनगर सब स्टेशन का काम थोड़ा बाकी है।