गाजियाबाद। एनसीआर क्षेत्र में रियल एस्टेट और कंस्ट्रक्शन कंपनी स्टार रियलकॉन के एमडी के दो साझीदारों के खिलाफ पीड़ित ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है। पीड़ित का आरोप है कि पूर्व में बिक चुका फ्लैट उन्हें फर्जी तरीके से बेच दिया गया। नंदग्राम पुलिस ने आरोपी गोल्डी गुप्ता और नितिन गुप्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि राजनगर एक्सटेंशन स्थित स्टार रामेश्वरम में रहने वाले सुरेंद्र कुमार त्यागी के मुताबिक वर्ष 2018 में उन्होंने स्टार रियलकॉन के एमडी के साझीदारों गोल्डी गुप्ता और नितिन गुप्ता से 42.50 लाख रुपये में फ्लैट खरीदा। एसबीआई से ऋण लेकर उन्होंने यह फ्लैट खरीदा और तब से वह उस पर काबिज भी हैं और परिवार के साथ रह रहे हैं। अगस्त 2024 को एक व्यक्ति एचडीएफसी बैंक के कुछ कर्मचारियों के साथ सोसायटी में पहुंचा। जहां उन्होंने फ्लैट पर खाली करने का नोटिस चस्पा कर दिया। छानबीन में जानकारी हुई कि उन्हें पूर्व में बिक्री किया गया फ्लैट गोल्डी गुप्ता और नितिन गुप्ता ने धोखाधड़ी कर बेच दिया है। पीड़ित के मुताबिक दोनों आरोपियों ने पूर्व में भी कई लोगों के साथ धोखाधड़ी की है। शिकायत करने पर कोई समाधान नहीं निकला। एसीपी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
....